गोरखपुर में बढ़ते अपराध को देखते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया है कि राज्य के गोरखपुर में अपराध के मामले बढ़ रहे हैं। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अगर गोरखपुर में हत्या, बलात्कार व अपहरण का यही हाल रहा तो शीघ्र ही मान्यवर को गोरखपुर का नाम बदलकर ‘गुनाहपुर’ करना पड़ेगा। जिनसे अपना शहर नहीं संभल रहा, वो प्रदेश क्या संभालेंगे। यादव ने कहा कि अपराध के रहते विकास नहीं हो सकता।
बीजेपी पर लगाया आरोप
इससे पहले अखिलेश ने अपने विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद कहा गया कि भाजपा सरकार जनता के प्रति गम्भीर नहीं है। भाजपा सरकार विपक्ष के प्रति बदले की भावना से काम करती है। समाजवादी पार्टी के नेता एवं सांसद मोहम्मद आज़म खां को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उनके साथ ज्यादती हो रही है। यादव ने डाॅ कफील के साथ हो रहे अन्याय की बात भी उठाई।
सपा नेताओं पर फर्जी केस की शिकायत
विधायकों ने अखिलेश यादव को यह बताया कि विभिन्न जनपदों में समाजवादी कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी केस बनाए जा रहे हैं। संकट काल में पलायन कर आ रहे श्रमिकों की मदद में लगे समाजवादी नेताओं पर भी मुकदमें लगा दिए गए हैं। भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के ठोको निर्देश के तहत पुलिस फर्जी एनकाउंटर कर रही है। मानवाधिकार आयोग और अदालत ने भी इसका संज्ञान लिया है।
सपा की क्या समझ
बैठक में एक बात पर सभी सहमत थे कि समाजवादी सरकार के समय हुए विकासकार्यों की चर्चा आज तक है। समाजवादी सरकार का काम बोलता है। चर्चा यह भी है कि भाजपा सरकार ने जनहित में कोई काम नहीं किया सिर्फ बड़े-बड़े वादे किए जिनमें एक भी पूरा नहीं हुआ है। लोग भाजपा से बुरी तरह निराश है। सपा विधायकों ने कहा कि जब सन 2022 में समाजवादी सरकार बनेगी तभी जनता की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। भाजपा विकास के मामले में विफल साबित हुई है। उसके राज में जनता त्रस्त है।